उत्तर प्रदेश में H1N1 इन्फ्लुएंजा और सीजनल फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। शनिवार सुबह डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और प्रदेशभर के स्वास्थ्य अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, सभी जिलों के सीएमओ, सीएमएस और मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में H1N1 के मामलों, बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों और डॉक्टरों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में संदिग्ध मामला सामने आने पर मरीज को ट्रैक किया जाए और समय पर जांच व इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ब्रजेश पाठक ने पैथोलॉजी संचालकों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि जांच के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक रकम वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और लखनऊ समेत कुछ इलाकों में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मरीजों की पहचान, जांच और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश को सतर्क मोड पर रखा गया है और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार और स्वास्थ्य विभाग हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
