मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव मंसूरपुर में प्रधानी के चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों की ओर से कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मंसूरपुर निवासी मन्जूर अली पुत्र जाबिर हुसैन की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि वह 28 अगस्त की शाम करीब छह बजे दवाई लेकर मेडिकल स्टोर से घर लौट रहा था। मौ. रफीक की दुकानों के सामने पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद मोहम्मद हसन, इकबाल, नूर मोहम्मद, इरशाद, शमशाद, दिलशाद, सहजाद, हसनेन, रिजवान, गुलाम और मौ. रफी समेत अन्य लोगों ने उसे घेर लिया।

तहरीर के अनुसार आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। धारदार हथियार, लाठी और सरिया से हमला करने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर मन्जूर अली का भाई ताहिर मौके पर पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। दोनों भाइयों के घायल होने की बात तहरीर में कही गई है। आसपास के लोगों के पहुंचने पर किसी तरह उन्हें बचाया गया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मन्जूर अली ने घटना के पीछे प्रधानी के चुनाव की रंजिश को वजह बताया है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया हमला करने का आरोप
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से मौ. आजम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसका चचेरा भाई इरशाद पुत्र रफीक मेडिकल पर दवाई लेने गया था। वहां मन्जूर, ताहिर, मौलाना महमूद, नईम, नदीम, इदरीश, जाबुल, इलियास, तसवीर समेत अन्य लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और तलवार से हमला करने का आरोप लगाया गया है।

दूसरे पक्ष का दावा है कि हमले में इरशाद के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उसे बचाने पहुंचे हसनेन के सिर, चेहरे और पैर में चोट लगी तथा उसके दांत भी टूट गए।
FIR में 11 आरोपी नामजद
अपलोड की गई FIR के अनुसार भोजपुर थाने में FIR संख्या 0367, दिनांक 28 अगस्त 2026 को दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और पहली तहरीर में 11 आरोपियों के नाम दर्ज हैं। घटना का स्थान मंसूरपुर गांव में मौ. रफीक की दुकान के सामने बताया गया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, तहरीर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका जांची जा रही है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
