मुरादाबाद। राजस्व ग्राम चौधरपुर (मलंगदत्ता) में गागन नदी पर बने कच्चे पुल से उतरते समय शुक्रवार शाम हुए हादसे को मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने गंभीरता से लिया है। घटना के अगले दिन शनिवार को मंडलायुक्त ने मौके का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा के दृष्टिगत तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर द्वारा बताया गया कि इस मार्ग पर सेतु निर्माण के लिए मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग द्वारा मुख्य अभियंता (सेतु), लोक निर्माण विभाग, लखनऊ को मार्च 2026 को प्रस्ताव भेजा गया था। मौके पर अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग तथा परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम ने बताया कि क्षेत्र में स्थायी सेतु निर्माण के लिए संशोधित प्रस्ताव मुख्य अभियंता (सेतु), लोक निर्माण विभाग, लखनऊ को जून 2026 को भेजा जा चुका है।
मंडलायुक्त ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थायी सेतु का निर्माण होने तक स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि असुरक्षित मार्ग से आवागमन रोकने के साथ ही 15 दिवस के भीतर सुरक्षित अस्थायी सेतु का निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्रीय आबादी का आवागमन प्रभावित न हो और भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं परियोजना प्रबंधक सेतु निगम को आपसी समन्वय के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, गागन नदी पर स्थायी सेतु निर्माण के लिए भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृत कराने में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि घटना के दौरान मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग करने वाले लोगों को चिन्हित कर सम्मानित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने और कार्य की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम सदर और अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी गण मौजूद रहे@शांतनु/INN
