मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नशामुक्त भारत अभियान के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत जनपद में की जा रही प्रवर्तन कार्रवाई तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि जुलाई 2026 तक नशे से संबंधित कुल 124 अभियोग पंजीकृत किए गए तथा 157 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कृत कार्रवाई का माहवार पूर्ण विवरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे अभियान की प्रभावी समीक्षा की जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न सिनेमाघरों में नशामुक्त भारत अभियान से संबंधित जागरूकता स्लाइड के प्रदर्शन की संख्या तथा उन्हें देखने वाले लोगों की संख्या का पूर्ण डाटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित किया कि प्रत्येक शनिवार को विद्यालयों एवं संबंधित संस्थानों में नशामुक्ति तथा नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में शपथ कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। औषधि निरीक्षक ने बताया कि 18 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया, जिसमें आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर 02 मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है।

जिलाधिकारी ने अभियान के अंतर्गत निरंतर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता एवं जनभागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव सहित पुलिस विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, जीएसटी विभाग, स्थानीय अभिसूचना इकाई के अधिकारी, नशामुक्ति केंद्र के संचालक तथा एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे@शांतनु/INN
