मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था, ओवरलोडिंग, सड़क सुरक्षा तथा दुर्घटना के उपरांत घायलों को त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने हिट एंड रन योजना के अंतर्गत अज्ञात वाहनों से हुई सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों एवं घायलों के आश्रितों को अनुमन्य धनराशि उपलब्ध कराने से संबंधित लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का प्रत्येक दशा में 07 दिवस के भीतर निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराई जाए।
ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जुलाई 2026 में टोल प्लाजा से प्राप्त सूची के अनुसार 386 ओवरलोड वाहनों में से 364 के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वहीं अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक 1587 ओवरलोड वाहनों के सापेक्ष 1512 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कट एवं रास्तों को बंद कराने के लिए एनएचएआई को टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर टीम को पुलिस बल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि अवैध कट तत्काल बंद कर दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
शहर में सड़क किनारे स्थित जर्जर, निष्प्रयोज्य एवं अव्यवस्थित विद्युत पोलों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी बैठक से पूर्व संबंधित क्षेत्र के एसएचओ, जेई एवं उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के ऐसे पोलों की सूची उपलब्ध कराएं। साथ ही इनके समाधान के संबंध में आमजन से भी ऐसे पोलों की सूचना संबंधित विभाग को उपलब्ध कराने के लिए अपील की जाए।
वैंकट हॉल, होटल एवं मैरिज हॉल में पार्किंग की व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि प्राधिकरण द्वारा 12 अवैध वैंकट हॉल/मैरिज हॉल के विरुद्ध सीलबंदी की कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यह प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जाए कि किसी भी स्थान पर अवैध पार्किंग का संचालन नहीं हो रहा है।
रोडवेज बसों के सुरक्षित संचालन एवं यातायात नियमों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आरएम रोडवेज को बसों के सुरक्षित संचालन के लिए तीन माह का रोस्टर निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिचालकों को जिला चिकित्सालय के माध्यम से निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए की घटनाओं के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि के समय निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा बनी रहे।
जनपद में संचालित नियम विरुद्ध एवं अनधिकृत वाहनों के विरुद्ध जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सील/जब्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जाए।
दुर्घटना स्थलों पर एम्बुलेंस के त्वरित रिस्पांस एवं रख-रखाव की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तत्काल रवाना हो और न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस की देरी अथवा रख-रखाव को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को यातायात जागरूकता वीडियो दिखाए जाने एवं परीक्षा आयोजित किए जाने की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रत्येक माह की जागरूकता गतिविधियों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए नियमित एवं प्रभावी अभियान चलाया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, एसपी ग्रामीण, परियोजना निदेशक एनएचएआई, संभागीय परिवहन अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, आरएम रोडवेज, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, विद्युत, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
