मुरादाबाद। वर्तमान में प्रदेश एवं जनपद में इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) के रोगियों की पुष्टि के दृष्टिगत आमजन को संक्रमण से बचाव एवं इसके प्रसार को रोकने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह द्वारा आवश्यक एडवाइजरी जारी की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से खांसते और छींकते समय रूमाल अथवा कपड़े का प्रयोग करने, बातचीत के दौरान उचित दूरी बनाए रखने तथा कम से कम लोगों से हाथ मिलाने की अपील की है। हाथ मिलाने अथवा किसी संक्रमित वस्तु के संपर्क में आने के बाद हाथों को साबुन अथवा विसंक्रमक घोल से अच्छी तरह धोने तथा भोजन करने से पहले भी हाथों की स्वच्छता सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें
इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) के संक्रमण से बचाव के लिए उच्च जनसंख्या घनत्व वाले स्थानों, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यथासंभव जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नजदीकी अस्पताल में संपर्क कर केवल योग्य चिकित्सक की सलाह से ही उपचार कराने को कहा गया है।
लक्षणों के आधार पर तीन श्रेणियों में वर्गीकरण
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) के रोगियों को लक्षणों के आधार पर तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
श्रेणी-ए : हल्का बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द, सिर दर्द, दस्त एवं उल्टी जैसे लक्षण वाले मरीज।
श्रेणी-बी : श्रेणी-ए के लक्षणों के साथ उच्च जोखिम वाले कारकों से प्रभावित मरीज। इनमें पहले से अन्य बीमारियों से ग्रसित बच्चे, गर्भवती महिलाएं, 65 वर्ष या अधिक आयु के व्यक्ति, फेफड़े एवं हृदय रोग, मधुमेह, तंत्रिका संबंधी विकार, कैंसर एवं एचआईवी से प्रभावित व्यक्ति तथा दीर्घावधि से कोर्टिसोन उपचार प्राप्त कर रहे व्यक्ति शामिल हैं।
श्रेणी-सी: श्रेणी-ए एवं बी के लक्षणों के साथ सांस फूलना, सीने में दर्द, निर्जलीकरण, रक्तचाप कम होना, रक्तयुक्त बलगम, नाखूनों का नीला पड़ना, लगातार तेज बुखार, भोजन लेने में असमर्थता, अचानक तेज सांस चलना अथवा सांस लेने में कठिनाई जैसे गंभीर लक्षण वाले मरीज।
श्रेणी-ए एवं श्रेणी-बी के लक्षण वाले रोगियों को इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) की प्रयोगशाला जांच की आवश्यकता नहीं है। वहीं, श्रेणी-सी के रोगियों की जांच के लिए जिला चिकित्सालय में नमूना संग्रह की सुविधा उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि घबराने के बजाय सावधानी बरतें, व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करें@शांतनु/INN
