मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने जनपद की सभी 643 ग्राम पंचायतों में संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत निर्धारित 19 पैरामीटर्स के संतृप्तीकरण सहित विभिन्न कार्यों के प्रभावी अनुश्रवण एवं स्थलीय सत्यापन के लिए नोडल अधिकारियों को नामित किया है। इसका उद्देश्य ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं में निरंतर सुधार करना है।
जिलाधिकारी ने नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने आवंटित ग्राम पंचायतों में स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से स्थलीय निरीक्षण करें तथा निरीक्षण आख्या निर्धारित गूगल फॉर्म पर उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर्स की वास्तविक स्थिति, कराए गए कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का स्थलीय सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों में कमियों से संबंधित मामलों की भी जांच करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
नोडल अधिकारियों द्वारा विद्यालय भ्रमण के दौरान मिड-डे मील एवं पीएम पोषण योजना के अंतर्गत बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की मात्रा, गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन का भी परीक्षण किया जाएगा। किसी प्रकार की कमी अथवा अनियमितता पाए जाने पर निरीक्षण आख्या में उसका स्पष्ट उल्लेख करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी।
ग्राम पंचायत के समस्त सदस्यों का WhatsApp Group गठित कर उसके माध्यम से ग्राम पंचायत से संबंधित निर्देश एवं आवश्यक जानकारी नियमित रूप से संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी, मुरादाबाद को उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण एवं अनुश्रवण की कार्यवाही केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि स्थलीय सत्यापन के आधार पर कमियों को चिन्हित कर उनके निस्तारण, कार्यों की गुणवत्ता की जांच तथा आवश्यकता पड़ने पर पुनः सत्यापन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए। विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाया जाना प्राथमिकता है। इसके लिए नामित नोडल अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र में पहुंचकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम पंचायतों में संचालित कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करते हुए निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें@शांतनु/INN
