मुरादाबाद। नगर पंचायत भोजपुर क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बड़े शहीदों वाले रोड पर बारूभूढ़ा के पास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली। सड़क के आसपास तेंदुए को घूमते देख लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। कुछ ही देर में तेंदुआ दिखाई देने की खबर आसपास के गांवों तक पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि तेंदुए की मौजूदगी का फोटो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फोटो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। लोग खेतों और सुनसान रास्तों पर जाने से बच रहे हैं।
सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस सक्रिय हो गई और क्षेत्र में लोगों को सतर्क करते हुए सावधानी बरतने की अपील की। पुलिस ने ग्रामीणों से कहा कि वे अकेले खेतों अथवा सुनसान रास्तों की ओर न जाएं और रात के समय विशेष सतर्कता बरतें।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी को तेंदुआ दिखाई दे तो उसके करीब जाने, पीछा करने, घेरने या पकड़ने की कोशिश कतई न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीणों ने की वन विभाग से सर्च अभियान चलाने की मांग
तेंदुए की सूचना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाकर तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने और उसे सुरक्षित पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी और सड़क के आसपास तेंदुए की मौजूदगी गंभीर चिंता का विषय है।
फिलहाल पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है और ग्रामीणों को लगातार सावधानी बरतने की हिदायत दी जा रही है। तेंदुए की सूचना ने भोजपुर क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है@जफर/INN
