अयोध्या में कथित मछली खाने को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है।
मंगलवार को अजय राय लखनऊ सिविल कोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ मानहानि का दावा दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी की। अजय राय का आरोप है कि उनके खिलाफ मछली खाने को लेकर झूठे और अप्रमाणित आरोप लगाए गए, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।
इस विवाद के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है। अजय राय पहले भी खुद को शाकाहारी बताते हुए मछली खाने का कोई प्रमाण सार्वजनिक करने की चुनौती दे चुके हैं।
अब अयोध्या के मछली भोज से शुरू हुआ यह मामला सियासी बयानबाजी से निकलकर अदालत तक पहुंच गया है।
