उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के दर्शन-पूजन के बाद आयोजित कार्यक्रम में विपक्षी ताकतों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की आस्था प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में है।
सीएम योगी ने कहा कि इतिहास में कई विदेशी आक्रांताओं ने भारतीय आस्था और धार्मिक स्थलों को समाप्त करने की कोशिश की, लेकिन सनातन परंपरा को मिटाया नहीं जा सका। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को अजेय समझते थे, आज उनका अस्तित्व इतिहास में सिमट चुका है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बाबर और औरंगजेब की विचारधारा से जुड़े लोग आज भी समाज में वैमनस्य फैलाने और राष्ट्रविरोधी तत्वों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों की आस्था आक्रांताओं में होगी, वे आम जनता की धार्मिक भावनाओं का सम्मान कैसे कर सकते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसे तत्व युवाओं के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की खुशहाली और कारीगरों के हितों को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार इन मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण की जन्मस्थली का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 5,200 वर्ष पहले भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए इसी पवित्र भूमि पर अवतार लिया था। उन्होंने कहा कि अनेक आक्रमणों और धार्मिक आस्था थोपने के प्रयासों के बावजूद सनातन धर्म कायम रहा और ब्रजभूमि आज भी आने वाली पीढ़ियों के लिए श्रीकृष्ण और राधारानी की भक्ति व परंपरा का केंद्र बनी हुई है।
