जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक पॉडकास्ट वीडियो के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर संजय कुमार के सिर पर वार करने की बात कही है।
वीडियो सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास, सह-संयोजक आशुतोष रांका और पार्टी से जुड़े अन्य लोग पटेल चौक से संसद मार्ग थाने पहुंचे। निशु आजाद भी थाने पहुंचीं। वहीं, चंद्रशेखर आजाद के भी उनके साथ थाने पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
CJP नेता आशुतोष रांका का आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। उनका कहना है कि संगठन की ओर से लगातार दिल्ली पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करने की मांग की जाती रही, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
रांका ने दावा किया कि अब कथित तौर पर घटना में शामिल व्यक्ति सार्वजनिक रूप से हमले की बात स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर राजनीतिक प्रभाव के कारण कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। CJP ने मांग की है कि मामले में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी हो और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाए।
उधर, इस मामले में कांग्रेस की लीगल टीम भी सक्रिय हो गई है। राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कांग्रेस की कानूनी टीम के संसद मार्ग थाने पहुंचने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, टीम FIR में हेट स्पीच, आदतन अपराधी और SC-ST अत्याचार अधिनियम से जुड़ी धाराएं जोड़ने की मांग कर सकती है।
मामले में अब पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
