मुरादाबाद। जिले में तेंदुओं का आतंक लगातार बना हुआ है। ठाकुरद्वारा तहसील के डिलारी थाना क्षेत्र स्थित सहसपुरी गांव में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक और तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद वन विभाग ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

वन विभाग के अनुसार, 3 अगस्त से अब तक मुरादाबाद जिले में कुल 12 तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें 11 तेंदुए ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र से पकड़े गए हैं, जबकि एक तेंदुआ कांठ थाना क्षेत्र से रेस्क्यू किया गया है।

वहीं, इस दौरान दो आदमखोर तेंदुओं की अज्ञात वाहनों की टक्कर से मौत भी हो चुकी है। तेंदुओं के हमलों में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
लगातार तेंदुओं के पकड़े जाने के बावजूद ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की दहशत पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। तेंदुओं की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने जिले में पिंजरों की संख्या बढ़ाकर 28 कर दी है। विभाग की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं और तेंदुओं को पकड़ने के लिए अभियान जारी है।
हालिया रेस्क्यू के बाद वन विभाग को उम्मीद है कि संवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुओं की मौजूदगी कम होगी, हालांकि ग्रामीणों में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है@जफर/INN
