मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को लेकर मुरादाबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 25 अक्टूबर 2026 को परीक्षा के प्रथम दिन जिले में बनाए गए 52 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के रात्रि विश्राम के लिए जिले में रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। इनमें महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं, ताकि उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके।
परीक्षा के दौरान किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए एंबुलेंस सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं, अभ्यर्थियों को सही जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए रोडवेज बस अड्डे तथा रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।

इसी क्रम में एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव ने शहर में की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर संचालित हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। साथ ही रैन बसेरों में ठहरे अभ्यर्थियों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षा में शामिल होने के लिए बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन, ठहरने और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके@शांतनु/INN
