मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत ढांचे को मजबूती देने की दिशा में 193 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है। इन परियोजनाओं से जहां ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा, वहीं दलपतपुर ड्राई पोर्ट तक माल परिवहन और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। इस उपलब्धि पर शुक्रवार को ग्राम चमरौआ में दूल्हा लंबरदार की बैठक पर आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कुंदरकी के भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह को धन्यवाद ज्ञापन सौंपकर उनका अभिनंदन किया।

193 करोड़ से सड़कों का होगा कायाकल्प
स्वीकृत दोनों परियोजनाएं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। इनमें पहली परियोजना के तहत एनएच-9 के किलोमीटर 164 से दलपतपुर ड्राई पोर्ट तक 7.140 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण 185 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं, दूसरी परियोजना में एनएच-24 पर दलपतपुर से सम्भल सीमा, मुंडिया मलूकपुर, चंदनपुर एवं ईशापुर मार्ग के 2.640 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 8 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के कई दर्जन गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने के साथ ही व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने विकास को बताया प्राथमिकता
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कुंदरकी भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिले।

विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं का लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलेगा और सड़क व्यवस्था सुदृढ़ होने से ग्रामीणों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी सहूलियत होगी। उन्होंने ग्रामीणों की ओर से प्राप्त धन्यवाद ज्ञापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुत कर क्षेत्रवासियों की भावनाओं से अवगत कराने की बात कही।
ग्रामीणों ने जताया आभार
दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सोलत अली, दूल्हा लंबरदार, चिराग अली, संबंधित ग्रामों के ग्राम प्रधान, क्षेत्रवासी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे@शांतनु/INN
