बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। इसके साथ ही मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद मुंबई और नवी मुंबई में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, नवी मुंबई के ऐरोली स्थित वाइबग्योर हाई स्कूल को ई-मेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसी ई-मेल में दिलजीत दोसांझ और अमिताभ बच्चन का भी जिक्र किया गया है। अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ पर ग्रेनेड से हमला करने की धमकी दी गई है। ई-मेल में 27 से 30 अक्टूबर के बीच हमले की आशंका जताई गई है।
दिलजीत दोसांझ का 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में लाइव कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। धमकी भरे ई-मेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया गया है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना भी सामने आई थी। इस मामले में पुलिस और क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। लगातार सामने आ रही धमकियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल, ताजा धमकी के मामले में पुलिस जांच कर रही है और सुरक्षा से जुड़े जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
