मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मसेबी रसूलपुर में शनिवार को श्मशान घाट के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने भूमि पूजन कर श्मशान घाट की नींव रखी।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने उपस्थित क्षेत्रवासियों से संवाद किया और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। श्मशान घाट का निर्माण होने से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार से संबंधित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

विधायक ने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी रही। ग्रामीणों ने श्मशान घाट निर्माण कार्य की शुरुआत को गांव के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया@जफर/INN
