मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 रविवार को मुरादाबाद के 52 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत छात्राओं के कान की बालियों और मंगलसूत्र तक की जांच हुई। वहीं, घड़ी समेत इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।

पहले दिन की पहली पाली में कुल 46,704 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकृत होने की जानकारी दी गई है। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रवेश के दौरान जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया गया।
तीन तारीखों में होगी परीक्षा
मुरादाबाद में PET-2026 के लिए कुल 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जानी है। प्रशासन के अनुसार, इन परीक्षा दिवसों में कुल 1,40,112 अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है। 25 अक्टूबर को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है।
एक दिन पहले ही शहर पहुंचने लगे अभ्यर्थी
परीक्षा में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से अभ्यर्थियों का मुरादाबाद पहुंचना शनिवार देर शाम से ही शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने से शहर के होटलों में कमरों की उपलब्धता पर दबाव बढ़ गया। कई अभ्यर्थियों को ठहरने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कुछ ने रेलवे स्टेशन पर रात बिताई।
अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं, ताकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और अन्य जरूरी सुविधाओं में परेशानी न हो।
डीएम और एसएसपी कर रहे निगरानी
परीक्षा की व्यवस्था पर नजर रखने के लिए जिलाधिकारी अनुनय झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर लगे CCTV कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है।
प्रशासन का जोर परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर अभ्यर्थियों के प्रवेश तक, सभी प्रमुख बिंदुओं पर निगरानी रखी जा रही है। आगामी परीक्षा तिथियों पर भी इसी तरह की व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी है@शांतनु/INN
