मुरादाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने थाना भगतपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया।

पुलिस अधिकारियों ने भतगवां, छतीखेड़ा, सीतापुर एवं अलीगंज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रस्तावित जुलूस एवं दही-हांडी कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान कार्यक्रमों के आयोजन, जुलूस के मार्ग, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं की जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने संबंधित आयोजकों से बातचीत कर सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आयोजकों से कार्यक्रम के दौरान पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। जुलूस और दही-हांडी कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे@जफर/INN
