मुरादाबाद। तेंदुए के हमले में जान गंवाने वाले दो ग्रामीणों के परिवारों के बीच गुरुवार को बढ़ापुर विधायक कुंवर सुशांत सिंह पहुंचे। ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बलिया में उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

विधायक ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दोनों प्रभावित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार बढ़ती गतिविधियों को लेकर विधायक ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से प्रभावी एवं कड़े कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। तेंदुओं को जल्द से जल्द पकड़ने के साथ ही उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और संवेदनशील गांवों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

विधायक ने अधिकारियों से ग्रामीणों के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा तेंदुए की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को भी कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और वन विभाग की कार्रवाई की लगातार समीक्षा की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को भय के माहौल से राहत मिल सके।
मौके पर ठाकुरद्वारा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ठाकुर अजय प्रताप सिंह-अनुज, ब्लॉक प्रमुख वीर सैनी, मुख्य वन संरक्षक, डीएफओ मुरादाबाद, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी समेत पुलिस, वन विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

अंत में विधायक ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की@जफर/INN
