जम्मू-कश्मीर के यूसमर्ग इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पाकिस्तानी लश्कर-ए-तैयबा कमांडर यासिर मारा गया। संयुक्त सुरक्षा बलों ने इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद ऑपरेशन शुरू किया था।
सूत्रों के मुताबिक, यासिर पहले लश्कर के सुलेमान उर्फ मूसा ग्रुप से जुड़ा हुआ था, लेकिन करीब एक साल पहले उसने इस ग्रुप से अपना रास्ता अलग कर लिया था। सुरक्षा एजेंसियों को यूसमर्ग के ऊपरी इलाकों में उसकी गतिविधियों के बारे में इनपुट मिला था, जिसके बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों का आतंकियों से सामना हुआ और मुठभेड़ में यासिर को मार गिराया गया। एजेंसियों के अनुसार, सुलेमान उर्फ मूसा को पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड बताया गया था। पिछले साल श्रीनगर के डाचीगाम जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में सुलेमान मूसा भी मारा गया था।
