दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट के जज के आवास पर पेश किया गया, जहां अदालत ने भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इससे पहले शुक्रवार देर शाम पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया था।
भारद्वाज के खिलाफ दर्ज एक पुराने मामले में दिल्ली पुलिस ने SC/ST एक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं। इसके साथ ही उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एक नया मुकदमा दर्ज किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
यह पूरा मामला जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट से जुड़ा है। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर स्वतंत्र भारद्वाज के एक पॉडकास्ट की क्लिप वायरल हुई थी। इसमें वह कथित तौर पर एक व्यक्ति पर हमला करने की बात करते दिखाई दिए थे।
वायरल क्लिप में भारद्वाज ने दावा किया था कि उन्होंने एक व्यक्ति के सिर पर कड़े से वार किया था, जिसके बाद उसे कई टांके आए। उन्होंने यह भी दावा किया था कि राजनीतिक संपर्कों के चलते उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा।
वीडियो में बीजेपी नेता कपिल मिश्रा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कुछ राजनीतिक नेताओं के नाम का भी जिक्र किया गया था। इसके बाद मामले को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया।
विपक्षी दलों और CJP से जुड़े लोगों ने स्वतंत्र भारद्वाज को राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप लगाए। हालांकि, चिराग पासवान ने भारद्वाज से किसी भी तरह के संबंध होने से इनकार किया है। अब गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।
