मुरादाबाद। सर्किट हाउस, मुरादाबाद के आवागमन वाले मार्ग पर वाहन खड़ा कर नमाज पढ़े जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सड़क पर वाहन खड़ा होने के कारण सर्किट हाउस आने-जाने वाले लोगों और वाहनों के आवागमन में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
पुलिस के समक्ष दी गई शिकायत के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव के सर्किट हाउस पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था। उनके प्रवास को लेकर सर्किट हाउस के गोमती कक्ष सहित कक्ष संख्या 03 और 08 को 3 सितंबर से 4 सितंबर तक आरक्षित किए जाने का उल्लेख शिकायत में किया गया है। इसी दौरान सर्किट हाउस में एक बैठक प्रस्तावित होने की बात भी सामने आई है।

शिकायत के अनुसार, इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा हाजी मोहम्मद उस्मान की गाड़ी सर्किट हाउस के आने-जाने वाले मार्ग पर खड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो में वाहन के पीछे कुछ लोगों को नमाज पढ़ते हुए देखा जाने का दावा किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि सड़क पर वाहन खड़ा होने से उस मार्ग से गुजरने वाले लोगों और वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वायरल वीडियो को शिकायत के साथ पुलिस के संज्ञान में लाया गया, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले में मझोला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, मुरादाबाद में तैनात प्रभारी अवर अभियंता अनिल कुमार की ओर से दी गई है। मामले में एफआईआर संख्या 3213 दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक सौरभ कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो, घटनास्थल और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करेगी। पुलिस विवेचना के दौरान यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और वायरल वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधि का वास्तविक घटनाक्रम से क्या संबंध है।
मामले को लेकर डॉ. राजकमल गुप्ता ने भी प्रशासन से संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने वायरल वीडियो की सत्यता और घटना की परिस्थितियों की जांच किए जाने की आवश्यकता जताई है@शांतनु/INN
