मुरादाबाद। जिला प्रशासन और नगर निगम की मुस्तैदी से जामा मस्जिद रोड पर एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। जर्जर हो चुका एक मकान शनिवार को अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत यह रही कि प्रशासन ने एक दिन पहले ही इस इमारत को सील कर दिया था और पुलिस लगाकर आसपास का रास्ता बंद करवा दिया था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
तहसील सदर क्षेत्र के जामा मस्जिद रोड (गेट नंबर-2, हमसफर मैरिज हॉल के पास) स्थित भवन संख्या 26एफ-17 काफी समय से बेहद खतरनाक स्थिति में था। नाले के किनारे स्थित होने के कारण इसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई थी।
खतरे को देखते हुए 4 सितंबर को पुलिस और तहसील प्रशासन ने मौके पर जाकर जायजा लिया। लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर नगर निगम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मकान को सील कर दिया। तहसील प्रशासन ने थाना मुगलपुरा को पत्र लिखकर निर्देश दिए थे कि मकान के आसपास किसी भी व्यक्ति को न जाने दिया जाए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं।
प्रशासन की इस मुस्तैदी का नतीजा यह रहा कि जब शनिवार को यह इमारत अचानक गिरी, तो मौके पर कोई मौजूद नहीं था। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देश पर जिले भर में ऐसे खतरनाक और जर्जर भवनों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके@शांतनु/INN
