मुरादाबाद। मंडलायुक्त, मुरादाबाद मंडल, मुरादाबाद श्रीमती संगीता सिंह की अध्यक्षता में तहसील सभागार चांदपुर (बिजनौर) में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडलायुक्त ने फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 119 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग की 68, पुलिस विभाग की 33, विद्युत विभाग की 13, विकास विभाग की 03 तथा अन्य विभागों की 04 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर 09 संदर्भों का निस्तारण किया गया। वहीं 25 शिकायतों के निस्तारण हेतु राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र का नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत मंडलायुक्त द्वारा तहसील क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं जनोपयोगी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों की जानकारी ली गई।
चांदपुर-बास्टा-मानपुर-अहरौला मार्ग का निरीक्षण
मंडलायुक्त ने चांदपुर-बास्टा-मानपुर-अहरौला मार्ग (अन्य जिला मार्ग) का निरीक्षण किया। मार्ग के लगभग 16.250 किलोमीटर भाग में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि मार्ग के दोनों ओर चौड़ीकरण हेतु कार्य पूर्ण किया जा चुका है। मार्ग के सुदृढ़ीकरण के अंतर्गत डब्ल्यूएमएम तथा नाली एवं रिटेनिंग वॉल के निर्माण कार्य की प्रगति की भी जानकारी दी गई।

आबादी वाले क्षेत्रों में सीसी निर्माण कार्य हेतु बैचिंग मिक्स प्लांट स्थापित किए जाने तथा मार्ग निर्माण में बाधक विद्युत पोलों की शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग बंद रहने तथा वर्षा के कारण निर्माण सामग्री की आपूर्ति एवं कार्य की प्रगति प्रभावित होने के संबंध में भी अवगत कराया गया।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि वर्षा समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
मिर्जापुर डिकौली जलापूर्ति योजना का निरीक्षण
मंडलायुक्त ने मिर्जापुर डिकौली जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया। योजना के अंतर्गत मिर्जापुर डिकौली एवं बेरा राजस्व ग्राम आच्छादित हैं तथा योजना की स्वीकृत लागत ₹367.57 लाख है।

निरीक्षण के दौरान योजना के अंतर्गत कराए जा रहे प्रमुख निर्माण कार्यों, जिनमें बाउंड्री वॉल, पंप हाउस, 250 केएल क्षमता एवं 12 मीटर स्टेजिंग का ओवरहेड टैंक, ट्यूबवेल, 20 एचपी पंप, 30.52 किलोवाट सोलर सिस्टम, ऑटोमेशन/स्काडा तथा परिसर विकास आदि शामिल हैं, की प्रगति की समीक्षा की गई।
अधिशासी अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि योजना के अंतर्गत अधिकांश निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। ग्रामीणों द्वारा राजस्व ग्राम मिर्जापुर के कुछ क्षेत्रों में टंकियों/घरों तक पानी न पहुंचने की समस्या से मंडलायुक्त को अवगत कराया गया। इस पर जल निगम के अधिकारियों को आवश्यक पाइपलाइन विस्तार सहित समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों ने बताया कि सामान्यतः लगभग 03 घंटे जलापूर्ति की जाती है, किंतु वर्षा के मौसम में सोलर आधारित प्रणाली के पर्याप्त रूप से कार्य न करने के कारण पंप संचालन प्रभावित होने से कई बार 02-03 दिन तक जलापूर्ति बाधित रहती है। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम के दौरान भी जलापूर्ति बाधित न हो तथा आवश्यकता के अनुसार जनरेटर के माध्यम से पंप का संचालन कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था विद्या टेलीकम्युनिकेशन्स लिमिटेड को निर्देशित किया कि अवशेष कार्य एवं शेष घरेलू नल कनेक्शनों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली जनोपयोगी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए आमजन को योजनाओं का समुचित लाभ उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी बिजनौर, पुलिस अधीक्षक बिजनौर, मुख्य विकास अधिकारी बिजनौर, उपजिलाधिकारी चांदपुर, तहसीलदार चांदपुर सहित लोक निर्माण विभाग, जल निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
