मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने शनिवार को तहसील सदर का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों, न्यायालय कक्षों, रिकॉर्ड रूम, जनसुविधा से जुड़े स्थानों तथा पूरे तहसील परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तहसील को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आमजन के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से एसडीएम सदर सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, भवन की मरम्मत, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा, कार्यालयों के बेहतर रखरखाव तथा जनसुविधाओं पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि तहसील परिसर में सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं मानक के अनुरूप हों और अधिकारी नियमित रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें।

उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ‘मेरा कार्यालय, स्वच्छ कार्यालय’ अभियान के तहत प्रत्येक कर्मचारी प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट अपने कार्यालय एवं कार्यस्थल की सफाई में लगाए। परिसर में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने, जगह-जगह पड़े अनावश्यक सामान को हटाने तथा अनुपयोगी सामग्री की नियमानुसार नीलामी कराने के निर्देश दिए गए।

भवन के रखरखाव को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जहां-जहां छत से पानी टपक रहा है, वहां आवश्यक मरम्मत एवं वॉटरप्रूफिंग का कार्य कराया जाए, ताकि भवन को क्षति से बचाया जा सके। वीआरसी कक्ष में बारिश का पानी अंदर आने की समस्या को दूर करने के लिए खिड़की के ऊपर छज्जे की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। खिड़कियों पर मॉस्किटो नेट लगाने तथा आवश्यक स्थानों पर जालियों की सफाई कराने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने कार्यालयों में फाइलों, अभिलेखों, कंप्यूटर एवं अन्य सामग्री को व्यवस्थित ढंग से रखने, एक समान टेबल-कुर्सियों को सुव्यवस्थित स्थान पर रखने, अलमारियों की मरम्मत एवं पेंटिंग कराने तथा कार्यालयों में लगे बैनर एवं फ्लेक्स को सही ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। बाहर निकले विद्युत तारों को सुरक्षित ढंग से अंदर कराने तथा इनवर्टर सहित अन्य विद्युत उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए भी निर्देशित किया।

उन्होंने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए सीलन एवं दीमक की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कीटनाशक का प्रयोग, पेंटिंग तथा नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। रिकॉर्ड रूम में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा खिड़कियों एवं जालियों की समुचित सफाई कराने के लिए कहा।
जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने टॉयलेट में रनिंग वाटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा तहसीलदार न्यायालय एवं अन्य कक्षों की आवश्यक मरम्मत एवं पेंटिंग कराने के निर्देश दिए।

महिला हेल्प डेस्क को पूरी तरह व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने तथा वहां रखी अनावश्यक सामग्री को तत्काल हटाने के साथ ही अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने फायर सेफ्टी टैंक एवं उपकरणों को निर्धारित स्थान पर सही ढंग से स्थापित कराने तथा फायर सेफ्टी पाइप एवं अन्य उपकरणों की विशेष रूप से सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी संसाधन सदैव सुचारु एवं उपयोग के लिए तैयार स्थिति में रहें।
तहसील परिसर में गुटखा को वजह से होने वाली गंदगी पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने विशेष अभियान चलाकर पूरे परिसर की सफाई कराने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों अथवा फरियादियों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने अभिलेखागार, लेखपाल कक्ष एवं आपूर्ति विभाग की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। लेखपाल कक्ष में उमस एवं वेंटिलेशन की स्थिति को देखते हुए प्रतिदिन सुबह खिड़कियां खोलने और शाम को बंद करने के निर्देश दिए गए। आपूर्ति विभाग में अधिक रिकॉर्ड को देखते हुए अतिरिक्त कक्ष की व्यवस्था कर अभिलेखों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि तहसील की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण स्वयं करें, आवश्यक कार्यों के एस्टीमेट तैयार कराकर सभी व्यवस्थाओं को चरणबद्ध ढंग से दुरुस्त कराया जाए तथा जहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, वहां संबंधित की जवाबदेही तय की जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के समाधान के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का भी मिलेगा लाभ।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस को आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के साथ-साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनाने की पहल की गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर संबंधित विभागों द्वारा अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए जाएं तथा आमजन को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आज तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर इस पहल की शुरुआत की गई। विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं दस्तावेजों के संबंध में भी अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने इन सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभागीय योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी भी ली।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सम्पूर्ण समाधान दिवस केवल शिकायतों के निस्तारण तक सीमित न रहे, बल्कि यह पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का भी सशक्त मंच बने। इसके माध्यम से ऐसे पात्र व्यक्ति, जो किसी योजना की जानकारी के अभाव में अब तक उसका लाभ नहीं ले सके हैं, उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए लाभान्वित किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी सम्पूर्ण समाधान दिवसों में भी इस पहल को प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा सके और उनकी पात्रता के अनुसार उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके@शांतनु/INN
