मुरादाबाद। भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पंचायत भवन, मुरादाबाद में बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएलसी गोपाल अंजान एवं जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित राज्य अध्यापक पुरस्कार समारोह का सजीव प्रसारण पंचायत भवन में किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश के राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित 81 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

जनपद के लिए यह अवसर विशेष गौरव का रहा। बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिका सुनीता रानी एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के डॉ. अनुज अग्रवाल को मुख्यमंत्री जी के कर-कमलों से राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करते हुए पंचायत भवन में उपस्थित शिक्षक समुदाय ने सजीव प्रसारण के माध्यम से देखा। दोनों शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करते देख उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं में खुशी एवं उत्साह का माहौल रहा।

इसके उपरांत जनपद मुरादाबाद में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विभिन्न विकासखंडों से शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं, जिनमें बेसिक शिक्षा विभाग के 20 एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल रहे, को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एमएलसी गोपाल अंजान, जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों में सीखने की जिज्ञासा और पढ़ने की आदत विकसित करने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि बच्चों में नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने की आदत विकसित होने से उनके ज्ञान, भाषा एवं विचार करने की क्षमता का विस्तार होता है। शिक्षक स्वयं भी निरंतर अध्ययन करते रहें तथा अपने ज्ञान को समृद्ध करते हुए बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बनें।

जिलाधिकारी ने शिक्षकों से कहा कि विद्यालयों में ऐसा सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण तैयार किया जाए, जहां बच्चे स्वेच्छा से पढ़ने, सीखने और नई चीजों को जानने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने शिक्षकों के कर्तव्यों एवं दायित्वों पर चर्चा करते हुए विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों एवं प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य के साथ विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया तथा स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी गोपाल अंजान ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार द्वारा शिक्षकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने भी शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सचिन शुक्ला एवं डॉ. हरनन्दन प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर धवल दीक्षित, राजेश चतुर्वेदी, वागीश गोयल, मोहित कुमार, डॉ. नीरज शर्मा, कपिल सिरोही, मुकेश कुमार, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, अंजलि सैनी, मंजू रानी सैनी, अंजलि गुप्ता, विन्रम कौशिक, अक्षय कुमार सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे@शांतनु/INN
