मुरादाबाद। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने जनपद के जर्जर और असुरक्षित भवनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और नगर निकायों को ऐसे भवनों का सर्वे कर सूची अपडेट करने, नोटिसों के अनुपालन की जांच करने तथा जरूरत पड़ने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
नगर निगम और नगर निकाय क्षेत्रों में विशेष सर्वे अभियान चलाकर मुख्य मार्गों, घनी आबादी वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर स्थित खतरनाक भवनों को चिन्हित किया जाएगा। साथ ही बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
डीएम की समीक्षा में 37 जर्जर विद्यालय भवनों का तकनीकी मूल्यांकन लंबित, 12 भवन अभी तक खाली न कराए जाने तथा 28 भवनों के ध्वस्तीकरण/नीलामी की प्रक्रिया लंबित पाई गई। वहीं 286 आंगनबाड़ी केंद्र प्रथम दृष्टया जर्जर मिले हैं, जिनका तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने 10 सितंबर से प्रतिदिन शाम 7 बजे जर्जर भवनों और आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी असुरक्षित भवन के कारण जनहानि न हो, इसके लिए सभी विभाग समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें@शांतनु/INN
