मुरादाबाद। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर निगम ने जर्जर और क्षतिग्रस्त भवनों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त तृतीय अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जर्जर भवनों का निरीक्षण कर 7 भवनों पर नोटिस और बैरिकेडिंग की कार्रवाई, जबकि 2 भवनों को सुरक्षा की दृष्टि से सील किया।
नगर निगम के अनुसार कार्रवाई दुर्गा मंदिर के सामने, सुमन थाना गलशहीद के आगे, मस्जिद इलाही लालबाग गली, दीनदयालपुरा, चौधरी गेट और मकबरा रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों में की गई। मकबरा रोड स्थित दुर्गाशाला भवन और कुटिया वाली गली स्थित जर्जर भवन को भी सील किया गया।
नगर निगम ने बताया कि हाल ही में जामा मस्जिद क्षेत्र में हमसफर मैरिज हॉल के पास जर्जर भवन के धराशायी होने की घटना को देखते हुए शहर के पुराने और खतरनाक भवनों पर निगरानी बढ़ाई गई है। समय रहते सुरक्षा कार्रवाई के कारण इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को लगातार बारिश के दौरान जर्जर भवनों की विशेष निगरानी, चिन्हीकरण और आवश्यकतानुसार नोटिस, बैरिकेडिंग व सीलिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि पुराने, जर्जर या क्षतिग्रस्त भवनों के आसपास अनावश्यक रूप से न रुकें और दरार, झुकाव या छत/दीवार गिरने की आशंका होने पर तत्काल नगर निगम को सूचना दें।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जर्जर भवनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी@शांतनु/INN
