एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक और फ्लाइट में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आई, जिसके बाद विमान को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। एयरलाइन की फ्लाइट IX 415 ने केरल के कोच्चि से अबू धाबी के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन में ऑयल लेवल तेजी से कम होने का पता चला, जिसके बाद पायलटों ने एहतियाती कदम उठाते हुए विमान को वापस कोच्चि लाने का फैसला किया।
जानकारी के मुताबिक, बोइंग 737 विमान ने उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद लगभग 36 हजार फीट की ऊंचाई पर यह समस्या सामने आई। क्रू ने इंजन नंबर-1 में तेल की मात्रा में लगातार गिरावट नोटिस की। स्थिति का आकलन करने के बाद पायलटों ने अबू धाबी की ओर आगे बढ़ने के बजाय कोच्चि लौटने का निर्णय लिया।
वापसी के दौरान विमान के इंजन के सभी जरूरी पैरामीटर पर लगातार निगरानी रखी गई। करीब 45 मिनट बाद इंजन-1 के ऑयल प्रेशर में उतार-चढ़ाव शुरू हुआ और यह कॉकपिट में रेड जोन तक पहुंच गया। इसके बाद पायलटों ने निर्धारित नॉन-नॉर्मल चेकलिस्ट का पालन करते हुए प्रभावित इंजन को बंद कर दिया।
एक इंजन के सहारे सुरक्षित लैंडिंग
इंजन बंद किए जाने के बाद विमान को एक ही इंजन की मदद से कोच्चि वापस लाया गया। विमान ने कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। बताया जा रहा है कि विमान में सवार यात्रियों को कॉकपिट में चल रही तकनीकी स्थिति की गंभीरता का अंदाजा नहीं था।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब भारतीय विमानन कंपनियों की उड़ानों में तकनीकी कारणों से डायवर्जन और वापसी के मामलों को लेकर सुरक्षा पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में फुकेत-दिल्ली फ्लाइट से जुड़ी घटना की शुरुआती जांच रिपोर्ट भी सामने आई थी।
अब एअर इंडिया एक्सप्रेस के इस मामले के बाद विमान के इंजन में ऑयल की कमी के कारणों की जांच पर नजर रहेगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि क्या इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए विमानन सुरक्षा नियमों और निगरानी व्यवस्था में और बदलाव किए जाते हैं।
