मुरादाबाद। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान पहुंचे फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को प्राप्त शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के समक्ष रखीं। एसपी ग्रामीण ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।

इस दौरान एसपी ग्रामीण ने ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावशाली बनाया जाए, ताकि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने कहा कि जिस समस्या का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उसका निस्तारण थाना स्तर पर ही समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए। थाना प्रभारियों को शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और पीड़ितों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

एसपी ग्रामीण ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी@जफर/INN
