दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए बिल्डिंग हादसे के बाद फरार चल रहे मकान मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी से हिरासत में लिया। हादसे के बाद से ही हरिराम बंसल का फोन बंद था और वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई थीं। उसके संभावित ठिकानों के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था, ताकि वह देश से बाहर न जा सके।
गुरुग्राम के घर पर लटका मिला था ताला
हरिराम बंसल का गुरुग्राम के सेक्टर-23 के पॉश इलाके में आलीशान मकान है। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वहां कोई मौजूद नहीं मिला और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद वह परिवार समेत घर से फरार हो गया था।
हरिराम का गुरुग्राम में हार्डवेयर का कारोबार भी है। जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त वह गुरुग्राम में ही मौजूद था और अपनी दुकान पर बैठा था। इसके अलावा उसके परिवार के अन्य सदस्य भी इसी इलाके में रहते हैं। बताया जा रहा है कि उसके नाम पर कई संपत्तियां हैं।
10 पुलिस टीमों ने शुरू की थी तलाश
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस ने करीब 10 टीमें गठित की थीं। इन टीमों में स्पेशल स्टाफ, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस के अधिकारी शामिल थे। पुलिस ने दिल्ली के साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।
अब भिवाड़ी से हरिराम बंसल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे हादसे को लेकर पूछताछ करेगी। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इमारत की हालत कैसी थी और हादसे से पहले सुरक्षा मानकों को लेकर क्या लापरवाही बरती गई थी।
