मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने सोमवार को मुरादाबाद शहर में टाउन हॉल के सामने स्थित जिला होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं उसके पूरे परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, परिसर की स्थिति तथा आमजन को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला होम्योपैथिक चिकित्सालय के प्रथम तल पर संचालित योग केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने योग केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा तथा नियमित रूप से योग करने आने वाले लोगों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में यहां प्रतिदिन लगभग 60 से 70 लोग नियमित रूप से योगाभ्यास करने के लिए आते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि योग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण माध्यम बनाते हुए इस योग केंद्र को जनपद के आदर्श योग केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने केंद्र में आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा आने वाले लोगों के लिए अनुकूल एवं सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पूरे परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लंबे समय से खड़ी पुरानी एवं अनुपयोगी गाड़ियों की नीलामी के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने परिसर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने परिसर में जर्जर एवं अनुपयोगी भवनों का चिह्नीकरण कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रवेश द्वार के आसपास दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रवेश द्वार को अतिक्रमणमुक्त एवं व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि चिकित्सालय आने वाले मरीजों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी श्री अमरदीप सिंह नायक, जिला होम्योपैथिक अधिकारी श्री विधु शेखर मलिक, सीएमएस होम्योपैथिक डॉ. अरुणा गौतम, जिला कार्यक्रम अधिकारी आयुष श्री ललित कुमार सहित नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे@शांतनु
