मुरादाबाद। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने चिकित्सक डॉ. इंद्रजीत सिंह सचदेवा से कथित तौर पर रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में आरोपी भजनलाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, डॉ. इंद्रजीत सिंह सचदेवा की ओर से थाना सिविल लाइंस में दी गई तहरीर के आधार पर 5 सितंबर 2026 को एफआईआर दर्ज की गई। मुकदमे में भजनलाल पुत्र राम कुंवर, निवासी बैंक कॉलोनी, खुशहालपुर, मुरादाबाद को आरोपी बनाया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भजनलाल पूर्व में चिकित्सक के अस्पताल में कर्मचारी के रूप में काम करता था। आरोप है कि उसने चिकित्सक के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर एक कथित जाली दस्तावेज तैयार किया, जिसमें जमीन के सौदे में एक प्रतिशत कमीशन देने का झूठा उल्लेख किया गया।
तहरीर के मुताबिक, 2 जुलाई 2026 की शाम करीब साढ़े सात बजे आरोपी कथित रूप से चिकित्सक के कार्यालय में पहुंचा और चाकू तानकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने तीन दिन के भीतर रुपये नहीं देने पर रास्ते में हत्या कर देने की धमकी देते हुए 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायतकर्ता ने भय के कारण तत्काल 50 हजार रुपये देने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद 4 जुलाई से 21 जुलाई के बीच आरोपी ने चिकित्सक के अस्पताल में कार्यरत डॉ. नीतू रस्तोगी को लगातार कॉल और व्हाट्सऐप संदेश भेजकर कथित जाली दस्तावेज की प्रतियां भेजीं और बाकी रकम देने का दबाव बनाया। साथ ही जान से मारने की धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में पुलिस ने BNS की धारा 318(4), 338, 336(3), 332(a), 308(5) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना उपनिरीक्षक/निरीक्षक संजय कुमार को सौंपी गई है।
थाना सिविल लाइंस पुलिस द्वारा आरोपी भजनलाल की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फर्जी दस्तावेज, कथित रंगदारी और धमकी से जुड़े आरोपों के संबंध में पुलिस साक्ष्य जुटा रही है@शांतनु/INN
