मुरादाबाद। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तहसील सदर के ग्राम भीतखेड़ा में स्थापित बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया तथा चौकी में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को भी देखा।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव, तटबंधों, नालों तथा जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रभावित परिवारों को समय से राहत सामग्री, खाद्य पदार्थ, स्वच्छ पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों की उपस्थिति, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग को पशुओं के उपचार एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों एवं राहत शिविरों में तत्काल पहुंचाया जाए तथा राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए और जलस्तर अथवा परिस्थितियों में किसी भी प्रकार के बदलाव की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

इस अवसर पर मौजूद अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों तथा आमजन की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं@शांतनु/INN
