भोजपुर। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार कई दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते ढेला नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। नदी के उफान पर आने से भोजपुर क्षेत्र के आसपास बसे एक दर्जन से अधिक गांवों और आबादी वाले इलाकों में पानी पहुंचने लगा है। कई स्थानों पर घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

ढेला नदी का जलस्तर बढ़ने से मोहल्ला धर्मपुर, लालूवाला, रुस्तमपुर तिगरी, पीपलसाना समेत नदी के आसपास बसे कई गांव प्रभावित हुए हैं। कई गांवों में सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है। इस्लामनगर रोड पर भी पानी पार हो जाने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं पीपलसाना रोड से जुड़े कई मार्गों पर जलभराव होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पीपलसाना, रुस्तमपुर और लालूवाला में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक बताए जा रहे हैं। यहां कई स्थानों पर सड़क के ऊपर से नदी का पानी बहता नजर आया। लगातार बारिश और नदी का बढ़ता जलस्तर देखकर ग्रामीणों में बाढ़ की आशंका गहराने लगी है।

हर साल बरसात में यही हाल, स्थायी समाधान का इंतजार
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में ढेला नदी का पानी अक्सर सड़कों के ऊपर से बहने लगता है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। हर साल जलभराव के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है और जान-माल के नुकसान का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति भी नाराजगी जताई
उनका कहना है कि चुनाव के दौरान विकास के बड़े-बड़े दावे और वादे किए जाते हैं, लेकिन बरसात आते ही जलभराव और बाढ़ की पुरानी समस्या सामने खड़ी हो जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए।

पुलिस ने बढ़ाई निगरानी, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
ढेला नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुलिस ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि प्रभावित गांवों में लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस टीम स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की स्थिति में ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। अब लोगों की नजर प्रशासन की ओर है कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए समय रहते क्या इंतजाम किए जाते हैं@जफर/INN
