प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के वडोदरा पहुंचे, जहां उन्होंने गुजरात और मध्य प्रदेश से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम मोदी ने करीब 6 हजार युवाओं के साथ ‘जेन-जी’ संवाद भी किया और युवाओं से विकसित भारत के विजन पर बातचीत की।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि वह देश के विकास की रफ्तार को और तेज करने के उद्देश्य से वडोदरा आए हैं। उन्होंने स्वच्छता अभियान में युवाओं की भागीदारी की भी सराहना की।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को लेकर विपक्ष पर हमला
पीएम मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 2004 में विचार शुरू हुआ था और 2006 में इसके लिए कंपनी भी बनाई गई, लेकिन 2014 तक मामला फाइलों में ही घूमता रहा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में केंद्र में सरकार बदलने के बाद इस परियोजना को गति दी गई। उनके मुताबिक अब 2800 किलोमीटर से ज्यादा लंबा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरा हो चुका है, जो देश की लॉजिस्टिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगा।
विपक्ष को बताया ‘नाराज फूफा जी’
पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग अब सवाल उठाएंगे कि फ्रेट कॉरिडोर बनने से ट्रक चालकों का क्या होगा। इसी संदर्भ में उन्होंने विपक्ष को ‘नाराज फूफा जी’ कहकर संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि माल की तेज आवाजाही से देश के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी इसका फायदा मिलेगा।
50 हजार आधुनिक रेल कोच बनाने का दावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश में 50 हजार आधुनिक रेल कोच तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वडोदरा इस बदलाव का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।
उन्होंने वडोदरा में बन रहे C-295 सैन्य परिवहन विमान का भी जिक्र किया और इसे ‘मेड इन इंडिया’ की बड़ी उपलब्धि बताया।
बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बिना राहुल गांधी का नाम लिए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोगों को भ्रमित करने के लिए झूठ की आवाज हर जगह सुनाई दे सकती है, लेकिन देश का युवा सच्चाई और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक इकोसिस्टम और आधुनिक तकनीक देश के विकास में बड़ी भूमिका निभाएंगे और सरकार इन क्षेत्रों पर लगातार काम कर रही है।
