मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह की पहल पर मंगलवार को मुरादाबाद के मिगलानी सिनेमा हॉल में फिल्म ‘हनुमान अंश’ के सामूहिक अवलोकन की व्यवस्था की गई। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र की आशा बहनों, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं, पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों, शिक्षक मित्रों, अनुदेशकों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, रसोइयों तथा स्वयं सहायता समूह (एनआरएलएम) से जुड़ी सखियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों ने फिल्म देखी।
इस आयोजन में वीसी सखियों, समूह सखियों, बिजली सखियों, स्वास्थ्य सखियों, बैंक सखियों तथा अन्य सम्मानित बहनों एवं भाइयों ने भी सहभागिता की। विधायक ठाकुर रामवीर सिंह की ओर से की गई इस व्यवस्था के माध्यम से विभिन्न सामाजिक और सरकारी योजनाओं से जुड़कर क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को आध्यात्मिक विषय पर आधारित फिल्म देखने का अवसर मिला।

फिल्म ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से आध्यात्मिक संत नीब करौरी बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और मानव कल्याण से जुड़े विचारों को जानने-समझने का अवसर मिला। फिल्म प्रेम, करुणा, निःस्वार्थ सेवा और मानवता के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों का संदेश देती है। इसके जरिए यह प्रेरणा मिलती है कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करने, दूसरों के दुख-दर्द को समझने और समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने में भी निहित है।
भारतीय संस्कृति हमें सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाती है : ठाकुर रामवीर सिंह
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा हमें प्रेम, करुणा, सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाती है। नीब करौरी बाबा का जीवन मानवता की सेवा और प्रत्येक व्यक्ति के प्रति प्रेमभाव रखने की प्रेरणा देता है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से इन्हीं महान विचारों और आदर्शों को जानने-समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों को ऐसे प्रेरणादायी अवसर मिलें, जिससे उनके भीतर सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण की भावना और मजबूत हो। समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारा और एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। जब हम एक-दूसरे का सम्मान करते हुए मानवता की सेवा को प्राथमिकता देते हैं, तभी एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण होता है।

सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का संदेश
कार्यक्रम में कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र की हिंदू एवं मुस्लिम बहनों और भाइयों की सहभागिता भी रही। विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों से जुड़े लोगों के एक साथ फिल्म देखने के इस आयोजन ने आपसी आत्मीयता, सामाजिक सौहार्द और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।
आयोजन के माध्यम से भगवान श्री हनुमान जी के आदर्शों, नीब करौरी बाबा के आध्यात्मिक विचारों तथा सेवा, समर्पण, संस्कार और करुणा जैसे मानवीय मूल्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया। साथ ही समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मानवता की सेवा की भावना को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह की ओर से फिल्म अवलोकन की व्यवस्था किए जाने पर कार्यक्रम में शामिल लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस पहल को विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत बहनों और भाइयों को एक साथ जोड़ने तथा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराने के अवसर के रूप में देखा गया@शांतनु/INN
