जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक किए जाने की सूचना मिलने के बाद विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की जांच में हाईजैकिंग की आशंका अफवाह साबित हुई। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI2030 ने बीती रात करीब 10:45 बजे उड़ान भरी थी। बुधवार सुबह करीब 9:05 बजे विमान को लेकर इमरजेंसी अलर्ट मिलने के बाद इसे जयपुर की ओर डायवर्ट कर दिया गया। विमान बोइंग 787-9 था, जिसे सुरक्षित लैंड कराने के बाद जांच के लिए आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया।
एयरपोर्ट पर पहुंचीं सुरक्षा एजेंसियां
विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही जयपुर एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी एयरपोर्ट पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान के मुंबई फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन में रहने के दौरान पायलट की ओर से स्क्वॉक कोड 7500 सक्रिय किए जाने की बात सामने आई। विमानन क्षेत्र में इस कोड का इस्तेमाल हाईजैकिंग या विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप की सूचना देने के लिए किया जाता है।
वहीं, जयपुर पुलिस को विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के संबंध में सूचना दी गई थी। शुरुआती रिपोर्टों में बम की धमकी का भी जिक्र किया गया। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुरक्षा जांच में हाईजैकिंग की सूचना सही नहीं पाई गई। घटना को लेकर एयर इंडिया के आधिकारिक बयान और अन्य विस्तृत जानकारियों का इंतजार है।
