मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने गन्ना पेराई सत्र, आवारा पशुओं, फसल बीमा मुआवजे, राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्विस रोड, खाद्य पदार्थों में मिलावट सहित विभिन्न समस्याओं को उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

01 नवंबर से शुरू होंगी चीनी मिलें
किसानों द्वारा चीनी मिलों का संचालन शीघ्र शुरू कराने की मांग पर जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को सभी चीनी मिलों से समन्वय स्थापित कर 01 नवंबर से मिलों का संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को सुविधा मिल सके।
आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए प्रत्येक विकास खंड में खरीदा जाएगा कैटल कैचर
ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं की समस्या के संबंध में जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को प्रत्येक विकास खंड में एक कैटल कैचर खरीदकर पशुपालन विभाग के अधिकारियों को हस्तगत कराने के निर्देश दिए। इससे आवारा पशुओं को पकड़कर स्थानीय गौशालाओं में संरक्षित किया जा सकेगा और किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान से राहत मिलेगी।

मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के संबंध में जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों से की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों में अवैध मिलावट करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
फसल बीमा मुआवजे के प्रकरण में तलब किया विवरण
किसानों को बीमा कंपनी द्वारा दो वर्षों से फसल का मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से प्रकरण का विस्तृत विवरण तलब किया, ताकि मामले की स्थिति स्पष्ट कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
राष्ट्रीय राजमार्ग-734 पर सर्विस रोड के लिए डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश
राष्ट्रीय राजमार्ग-734 (मुरादाबाद-काशीपुर बाईपास) पर सर्विस रोड बनाए जाने की किसानों की मांग पर जिलाधिकारी ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से निर्णय एवं प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने अवगत कराया कि मार्ग पर आवश्यक यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा मानकों तथा स्थानीय आवागमन की जरूरतों का परीक्षण करते हुए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की कार्रवाई प्रगति पर है। इस पर जिलाधिकारी ने डीपीआर शीघ्र तैयार कर प्रेषित करने के निर्देश दिए।
दिवाली के बाद प्रत्येक विकास खंड में लगेंगे किसान कल्याण शिविर
ग्रामीणों एवं किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दिवाली के बाद प्रत्येक विकास खंड में किसान कल्याण शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को पेंशन योजनाओं, आयुष्मान योजना, बाल सेवा योजना तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक सेवाओं से लाभान्वित किया जाए।
हवाई पट्टी विस्तार में मुआवजे से संबंधित प्रकरण पर नियमानुसार निर्णय के निर्देश
मूढ़ापांडे स्थित हवाई पट्टी के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण के दौरान मुआवजे में भिन्नता का मुद्दा उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ममता मालवीय को नियमानुसार प्रकरण का परीक्षण कर सर्किल रेट के संबंध में निर्णय लेने के निर्देश दिए।
संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए एंटीलार्वा छिड़काव के निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के संबंध में जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को आवश्यकतानुसार एंटीलार्वा दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि मच्छरों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।
किसान दिवस में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों एवं ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे@शांतनु/INN
