महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि मुंबई में प्रदूषण का स्तर दिल्ली से भी ज्यादा होना चौंकाने वाला है। कोर्ट ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान शोर और वायु प्रदूषण रोकने के लिए जारी निर्देशों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है।
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि प्रदूषण की वजह से लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हालात आपातकाल जैसे बनते जा रहे हैं। कोर्ट ने चेतावनी दी कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर उनके खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
अदालत ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को सभी पुलिस थानों के प्रभारियों के साथ बैठक कर आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, बीएमसी और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को 26 अक्टूबर को अगली सुनवाई में उपस्थित होकर प्रदूषण रोकने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देने को कहा गया है।
