लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बीजेपी और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR की प्रक्रिया के जरिए वोटों में गड़बड़ी की जा रही है और बीजेपी बड़े पैमाने पर वोट चोरी की तैयारी में है।
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को आधार से जोड़ने और मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक पहचान की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी को मतदाता सूची की जांच के दौरान एक ही नाम की कई जगह एंट्री होने की जानकारी मिली है। उनके मुताबिक, दो नामों के आधार पर ही 2,441 एंट्री सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और एक व्यक्ति के नाम पर दोबारा मतदान की स्थिति न बने।
पंचायत चुनाव और वोटर लिस्ट पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी पंचायत चुनाव न कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों को अपने गांव के मतदाताओं की जानकारी होती है। अखिलेश ने मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ने और बूथ स्तर पर बायोमेट्रिक उपकरण लगाने की वकालत करते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है।
घुसपैठ और चीन के मुद्दे पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने घुसपैठ के मुद्दे पर बीजेपी से सवाल करते हुए पूछा कि जिन लोगों को घुसपैठिया बताया जा रहा है, उनकी सूची कहां है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से उठाया जाता है। साथ ही, उन्होंने चीन की सीमा पर चुनौतियों और आरक्षण से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
यूपी की कानून-व्यवस्था पर योगी सरकार को घेरा
उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में अपराध और जेल के भीतर हुई मौतों का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है और आम लोगों में डर का माहौल है।
नए नेताओं के शामिल होने से PDA को मजबूती का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के जुड़ने से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पार्टी को मजबूती मिलेगी। अखिलेश ने PDA की लड़ाई को और मजबूत करने का दावा करते हुए कहा कि पार्टी नए साथियों और उनके समर्थकों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी।
