मुरादाबाद/कुंदरकी। विधानसभा क्षेत्र कुंदरकी में रविवार को विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत की। नगर पंचायत कुंदरकी के वार्ड संख्या 3 स्थित मोहल्ला कायस्थान में लगभग ₹1.47 करोड़ की लागत से बनने वाले बारात घर का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। वहीं, नगर पंचायत क्षेत्र स्थित जेएलएम इंटर कॉलेज के भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इन दोनों कार्यों को क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

₹1.47 करोड़ की लागत से बनेगा बारात घर
मोहल्ला कायस्थान में प्रस्तावित बारात घर का निर्माण शासन से स्वीकृत धनराशि से कराया जाएगा। इसके निर्माण से क्षेत्रवासियों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक समारोहों के आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को निजी आयोजन स्थलों पर होने वाले भारी खर्च से राहत मिलेगी और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी।

जेएलएम इंटर कॉलेज के सौंदर्यीकरण के लिए ₹50 लाख स्वीकृत
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने जेएलएम इंटर कॉलेज के भवन का उद्घाटन भी किया। विद्यालय भवन के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों के लिए उनके प्रयासों से शासन द्वारा पूर्व में ₹50 लाख की धनराशि स्वीकृत कराई जा चुकी है। इस राशि से विद्यालय भवन का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, जिससे विद्यालय का वातावरण अधिक आकर्षक और बेहतर बन सकेगा। साथ ही छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

जनसुविधाओं और शिक्षा के विकास पर जोर
इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में जनसुविधाओं का विस्तार करना और आमजन की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। उनका लक्ष्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को गति देना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
दोनों कार्यक्रमों में नगर पंचायत कुंदरकी के चेयरमैन सहित गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे@जफर/INN
