उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के बिठूर में आयोजित जनसभा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने दोनों नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि देश में दो मियां हैं, एक छोटे मियां और दूसरे बड़े मियां। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि ये बांग्लादेशी घुसपैठियों का समर्थन करते हैं और दलितों, वंचितों, गरीबों, किसानों तथा युवाओं का अपमान करते हैं।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर दंगा, भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता विरासत में मिल सकती है, लेकिन जनता का विश्वास हासिल करना पड़ता है। उन्होंने विपक्ष से नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध को लेकर भी सवाल किए और कहा कि पात्र लोगों को नागरिकता देने के मुद्दे पर विपक्ष को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
सीएम योगी ने सपा की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कोसी कलां, मुजफ्फरनगर और मथुरा के जवाहर बाग की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में दंगाइयों और भू-माफिया को संरक्षण मिलता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना विकास के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों में 411 करोड़ रुपये से अधिक की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें 29 परियोजनाओं का लोकार्पण और 19 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए।
