तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक मदद से जुड़ी नई कल्याणकारी योजना की शुरुआत की गई है। शनिवार (14 नवंबर) को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क और राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे।
इस योजना के तहत डिलीवरी एजेंट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े अन्य गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, हर डिलीवरी से जुड़े ट्रांजैक्शन का 1 प्रतिशत हिस्सा गिग वर्कर्स के कल्याण के लिए दिया जाएगा। यह राशि पहले गिग वर्कर्स बोर्ड के पास जमा होगी और फिर सीधे कामगारों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा दौर में डेटा सबसे बड़ी ताकत बन चुका है। गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप और उबर जैसी कंपनियां डेटा के आधार पर काम कर रही हैं, लेकिन गिग वर्कर्स को अब तक अपने काम और कमाई से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं मिल पाती थी। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत कामगार अपने द्वारा पूरी की गई राइड, डिलीवरी और उससे होने वाली कमाई का पूरा ब्योरा मोबाइल फोन पर देख सकेंगे।
राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स की कामकाजी परिस्थितियों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि डिलीवरी एजेंट तेज धूप और मुश्किल परिस्थितियों में घंटों काम करते हैं, लेकिन उनके पास आराम करने के लिए कोई निश्चित जगह नहीं होती। इसे ध्यान में रखते हुए तेलंगाना सरकार हैदराबाद समेत राज्य के अलग-अलग शहरों में रेस्ट जोन विकसित करेगी। इन जगहों पर वाई-फाई, वाहन पार्किंग और बैठने-आराम करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स के साथ पहले हुई बातचीत में उनकी समस्याओं और मांगों को सुना गया था। उस दौरान कांग्रेस और राज्य सरकार की ओर से उनकी मदद और सुरक्षा के लिए कदम उठाने का भरोसा दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस योजना की शुरुआत उसी वादे को पूरा करने की दिशा में एक कदम है।
इससे पहले राहुल गांधी ने हैदराबाद में गिग वर्कर्स की ओर से आयोजित बाइक रैली में भी हिस्सा लिया। इस दौरान वह एक डिलीवरी वर्कर के स्कूटर पर पीछे बैठकर रैली में शामिल हुए। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी रैली में शिरकत की।
