सोनिया गांधी की हाल ही में चर्चा में आई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में 2002 के गुजरात दंगों से जुड़े साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड का जिक्र विवादों में आ गया है। किताब में सोनिया गांधी ने ट्रेन में आग लगने की वजह को लेकर विवाद होने की बात लिखी है। उनके इस बयान पर मामले की जांच करने वाली गुजरात पुलिस की SIT के तत्कालीन प्रमुख राकेश अस्थाना ने आपत्ति जताई है।
राकेश अस्थाना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने की घटना कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश थी। उन्होंने दावा किया कि इसके पीछे देश में अस्थिरता फैलाने की बड़ी योजना थी। अस्थाना के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों को अयोध्या समेत कई संवेदनशील स्थानों पर हमले की आशंका से जुड़े इनपुट मिले थे।
अस्थाना ने दावा किया कि जांच के दौरान पाकिस्तान से आए फोन कॉल और हिजबुल आतंकियों की गतिविधियों से जुड़े सुराग सामने आए थे। उन्होंने अमन गेस्ट हाउस के मालिक अब्दुल रज्जाक कुरकुर का भी जिक्र किया और कहा कि जांच में उसकी भूमिका सामने आई थी। उनके अनुसार, कारसेवकों को निशाना बनाने के लिए उनके यात्रा मार्गों पर हमले की योजना बनाई गई थी और इसी साजिश के तहत साबरमती एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया।
मोदी सरकार की ओर से दबाव के आरोपों पर भी दिया जवाब
जांच के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किसी तरह के दबाव के सवाल पर राकेश अस्थाना ने साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि जांच में उन्हें मुख्यमंत्री, गृह मंत्री या किसी अन्य स्तर से कोई दबाव नहीं झेलना पड़ा। अस्थाना के मुताबिक, जांच टीम ने स्वतंत्र रूप से काम किया और मुस्लिम अधिकारियों ने भी जांच में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि कुछ अधिकारियों ने पहचान छिपाकर भी अभियान चलाए थे।
कारसेवकों के स्टोव से आग लगने के दावे पर क्या कहा?
साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को लेकर जस्टिस यूसी बनर्जी कमिशन की रिपोर्ट में कहा गया था कि ट्रेन में कारसेवकों द्वारा ले जाए जा रहे स्टोव में आग लगने से यह घटना हुई थी। इस दावे पर अस्थाना ने कहा कि एक पीड़ित ने रिपोर्ट को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी और अदालत ने उसे खारिज कर दिया था।
उन्होंने दावा किया कि अदालत में पेश किए गए सबूतों और सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित कमेटी के निष्कर्षों से भी साजिश के पहलू की पुष्टि हुई थी। इस तरह सोनिया गांधी की किताब में की गई टिप्पणी के बाद 2002 के साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और कानूनी बहस तेज हो गई है।
