दिल्ली में धरना-प्रदर्शन और रैलियों के आयोजन को लेकर नए नियम लागू किए जा सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने इसके लिए नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की है। फिलहाल प्रस्तावित नियमों का ड्राफ्ट मंजूरी के लिए पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद इसे लागू किया जा सकता है। नए नियमों का दायरा रामलीला मैदान के साथ दिल्ली के अन्य प्रदर्शन स्थलों तक भी हो सकता है।
प्रस्तावित एसओपी के मुताबिक, रामलीला मैदान में एक बार में अधिकतम 50 हजार लोगों को ही जुटने की अनुमति देने का प्रावधान है। इसके अलावा प्रदर्शन और रैली के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया जा सकता है। आयोजकों को कार्यक्रम से कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना होगा और वेन्यू उपलब्धता प्रमाणपत्र लेना भी अनिवार्य हो सकता है।
नए नियमों के तहत आयोजकों को ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था के लिए दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करना होगा। हालांकि, किसी कार्यक्रम में कितने लोगों को अनुमति दी जाएगी, इसका अंतिम फैसला संभावित भीड़, कार्यक्रम की प्रकृति और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर संबंधित अधिकारी करेंगे।
प्रस्तावित एसओपी में सड़कों, फुटपाथों और आपातकालीन रास्तों को बाधित करने पर भी रोक लगाने की बात कही गई है। इसके साथ ही हथियार, ज्वलनशील पदार्थ और प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, ड्रोन उड़ाने के लिए पहले से मंजूरी लेना जरूरी होगा।
गौरतलब है कि रामलीला मैदान लंबे समय से बड़े राजनीतिक प्रदर्शनों, रैलियों और जनसभाओं का प्रमुख केंद्र रहा है। हालांकि, कई बार भारी भीड़ के चलते आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी तरह की समस्याओं को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थलों के लिए नई व्यवस्था तैयार की है।
