उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 अधिकारियों को नई तैनाती दी है। इस सूची में 10 आईपीएस अधिकारी भी शामिल हैं। लखनऊ, आगरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और वाराणसी समेत कई जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसके अलावा एएनटीएफ, पीएसी और पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में भी नई तैनाती की गई है।
तबादला सूची में मुरादाबाद को भी अहम बदलाव मिला है। यहां तैनात कुमार रणविजय सिंह को आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है, जबकि मैनपुरी से अभिषेक तिवारी को मुरादाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा पुनीत द्विवेदी को लखनऊ कमिश्नरेट, नीतू को गौतमबुद्धनगर, शिवा सिंह को आगरा और अमित कुमावत को गाजियाबाद भेजा गया है। किरण यादव को एएनटीएफ मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) बनाया गया है।
वहीं पुष्कर वर्मा को फतेहगढ़, आदित्य को बदायूं, शैव्या गोयल को गाजियाबाद और माविस टॉक को लखनऊ कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारी मिली है। देवेंद्र सिंह प्रथम को शाहजहांपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है।
अन्य तबादलों में अतुल कुमार चौबे को मथुरा, ममता कुरील को मुजफ्फरनगर, गिरीश कुमार सिंह को अलीगढ़ और पंकज कुमार श्रीवास्तव को मऊ में तैनाती दी गई है। इसके साथ ही पीएसी, पीटीएस, एटीएस और यातायात निदेशालय में भी अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
