मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुरादाबाद-टिहरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव नेकपुर रोड स्थित कपड़े के गोदाम के पास हुआ। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे किशोर को पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गांव नेकपुर निवासी लेखराज का 17 वर्षीय पुत्र सोंटी बुधवार सुबह करीब सात बजे मोटरसाइकिल से पीपलसाना में ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। इसी दौरान गांव मूलावान निवासी महबूब हुसैन का 23 वर्षीय पुत्र परवेज अपनी बाइक से मुरादाबाद की ओर जा रहा था। नेकपुर रोड पर दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर पड़े सोंटी को कुचल दिया। गंभीर चोटें आने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल परवेज को उपचार के लिए कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि परवेज उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर तैनात है और वर्तमान में मुजफ्फरनगर जनपद के थाना खतौली में उसकी तैनाती है।
हादसे की सूचना मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है@जफर/INN
