पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने एक बार फिर साथ आने का ऐलान कर दिया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की घोषणा की गई। इसके साथ ही अकाली दल की NDA में दोबारा वापसी हो गई है।
गठबंधन के ऐलान के दौरान अमित शाह ने कहा कि दोनों पार्टियां आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। उन्होंने बताया कि सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। शाह के मुताबिक, पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करना गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य होगा। उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया।
अमित शाह ने कहा कि किसानों की समस्याओं, राज्य के आर्थिक विकास और युवाओं को रोजगार देने के लिए भाजपा और अकाली दल के बीच करीब तीन महीने तक चर्चा हुई है। इसी के आधार पर एक रोडमैप तैयार किया गया है, जिस पर NDA की सरकार बनने पर काम किया जाएगा।
वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा-अकाली गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ पार्टियां सत्ता के लिए कभी साथ आती हैं तो कभी अलग हो जाती हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी का गठबंधन पंजाब की महिलाओं, किसानों, व्यापारियों और अनुसूचित जाति समाज के साथ है।
गौरतलब है कि सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने भाजपा से अपना करीब 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। अब आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। इस गठबंधन के बाद पंजाब की राजनीति में मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।
