मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मंगलवार को पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे RR-78 IPS बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिस कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनहितकारी पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिस की जिम्मेदारियों, कार्यशैली और आम जनता के प्रति जवाबदेही के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन किया।
पुलिस कार्यालय में आयोजित इस संवादात्मक कार्यक्रम के दौरान एसएसपी सतपाल अंतिल ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बताया कि पुलिस की भूमिका केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा का वातावरण तैयार करना, कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना और आम नागरिकों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंधन, अपराधों की रोकथाम, संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई और पुलिस संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों का नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण होता है।
एसएसपी ने जनसंवाद को प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों को आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए और उनका समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए, जिससे पीड़ित और जरूरतमंद व्यक्ति बिना किसी संकोच के अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच सके।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को जनहितकारी पुलिसिंग की अवधारणा समझाते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सीख दी। साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए योजनाबद्ध कार्यवाही और कानून के दायरे में रहकर प्रभावी पुलिस कार्रवाई करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु IPS अधिकारियों को पुलिस प्रशासन की व्यावहारिक कार्यप्रणाली और नेतृत्व क्षमता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। एसएसपी सतपाल अंतिल ने अधिकारियों को अपने सेवाकाल में जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा संविधान और कानून के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रशिक्षु अधिकारियों को भविष्य में पुलिस सेवा के दौरान आने वाली प्रशासनिक एवं व्यावहारिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया@शांतनु/INN
